जिले के लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया के पास अलग अलग हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
हादसे से गुस्साए लोगों ने पचहटिया के पास आजमगढ़-जौनपुर मार्ग को जाम कर हंगामा किया। सूचना पर सीओ और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर घंटे भर बाद जाम समाप्त करवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रेमापुर गांव निवासी जमील अहमद की पत्नी जहाना (30) अपने रिश्तेदार सरायख्वाजा थाना
क्षेत्र के पतहना गांव निवासी अकरम के साथ साइकल से शहर आ रही थी। दोनों जिला अस्पताल में भर्ती किसी रिश्तेदार को देखने जा रहे थे। वे लाइनबाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया स्थित सूरज घाट मोड़ के पास पहुंचे थे तभी पीछे
से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक का पहिया जहाना के ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि साइकल चला रहा अकरम घायल हो गया।
ट्रक समेत चालक फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने घटना स्थल पर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर सीओ सिटी अभिषेक सिंह और एसडीएम राकेश पटेल मौके पर पहुंचे।
लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया। दूसरी घटना पचहटिया स्थित चौकिया मोड़ के पास हुई। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर गांव निवासी कमला की पत्नी रमउता देवी (48) अपने पुत्र ज्ञानेंद्र यादव (28) के साथ जिला
अस्पताल दवा लेने जा रही थी। दोनों बाइक से पचहटिया के पास चौकिया मोड़ के पास पहुंचे थे तभी पीछे से ट्रक ने धक्का मार दिया। बाइक पर पीछे बैठी रमउता देवी की मौत हो गई। जबकि उनका बेटा घायल हो गया। पुलिस ने ट्रक
चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर शाहगंज के पास दो ट्रकों की सीधी टक्कर में एक ट्रक चालक कुलदीप(40) निवासी मोहाली पंजाब और वहीं के निवासी खलासी जसवंत सिंह(30) घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।