धर्मापुर क्षेत्र के केशवपुर व शाहगंज के आजाद फाटक के पास बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। सरपतहां थाना क्षेत्र के उसरौली (सुरहपुर) गांव निवासी सरिता बिंद (42) पत्नी धर्मेंद्र कुमार बिंद अपने देवर अरविंद के साथ बाइक से बृहस्पतिवार की शाम घर लौट रही थी। आजाद फाटक पार करते समय बाइक रेलवे पटरी पर फिसलकर गई और वह गिर गई। सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही महिला की मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के नखास का रहने वाला राजेश कुमार सरोज (42) पुत्र राम कीरत किसी काम से अपनी बाइक से गौराबादशाहपुर की तरफ जा रहा था। केशवपुर के पास हाईवे पर ट्रक के पहियों से दबने की वजह से करीब आधा किलोमीटर लंबा नालीनुमा गड्ढा बन गया है। उसी में राजेश कुमार सरोज की बाइक घुस गई तथा सड़क पर अनियंत्रित हो गई और वह गिर गया। पीछे से आ रहा सवारी लदा ऑटो भी उसी गड्ढे में जाकर अनियंत्रित हो गया तथा सड़क पर गिरे राजेश कुमार के ऊपर से गुजर गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मौत चुकी थी। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर रमेश कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही हैं।