चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में गोमती नदी के किनारे बृहस्पतिवार की दोपहर पुलिस व अंतरजनपदीय बदमाशाें में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल सहित दो अंतरजनपदीय बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीन बदमाश फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। उसके पास से असलहा भी बरामद किया गया। चंदवक थानाध्यक्ष विजयशंकर सिंह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि गोबरा गांव में नदी के किनारे जंगल क्षेत्र में पांच अंतरजनपदीय बदमाश किसी संगीन घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर एसओजी टीम प्रभारी रामजनम यादव व थानाध्यक्ष ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और एक बदमाश को पैर में गोली लगी वहीं एक अन्य बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। तीन बदमाश भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। बदमाशों की फायरिंग में एक गोली थानाध्यक्ष के बुलेट प्रूफ जैकेट में लगीं। घायल बदमाश की शिनाख्त हरिश्चंद्र यादव उर्फ चंचल पांडेय निवासी गोबरा के रूप में हुई। गिरफ्तार बदमाश अवनीश यादव उर्फ सागर निवासी नरहन थाना केराकत के रूप में हुई। घायल बदमाश के ऊपर वाराणसी व जौनपुर के विभिन्न थानों में कुल बारह मुकदमे दर्ज हैं।