मड़ियाहूं के जोगापुर गांव के पास हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुई डा अमित यादव की मौत के बाद मौक
- फोटो : JAUNPUR
मड़ियाहूं/बरसठी। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को हाईटेंशन तार गिरने से उसकी चपेट में आई महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। मड़ियाहूं में जोगापुर नहर पुलिया के पास बीच सड़क में बाइक सवार के ऊपर तार गिर गया तो बरसठी के आलमगंज में खेत में काम कर रही महिला तार की चपेट में आ गई। घटना से गुस्साए लोगों ने मुआवजे के लिए महिला का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के कैलावर गांव निवासी अमित यादव (40) क्षेत्र के रसूलपुर गांव में क्लीनिक चलाते थे। वह दोपहर डेढ़ बजे क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे थे। जोगापुर नहर पुलिस के पास अचानक ऊपर से गुजरा हाईटेंशन तार टूट गया। अमित उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बीच सड़क पर तार टूटने आवागमन भी थम गया। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। बता दें कि एक माह पूर्व कोतवाली क्षेत्र के सीर गांव में भी हाईटेंशन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने घंटों चक्का जाम कर विरोध किया था।बावजूद बिजली विभाग ने जर्जर तारों को बदलने की जरूरत नहीं समझी।
उधर, बरसठी थाना क्षेत्र के आलमगंज गांव के अजय गौतम रसूलहा सड़क के किनारे अपना घर बनाकर गुजर बसर करते हैं। सोमवार शाम चार बजे अजय की पत्नी रोशनी (35) घर से सटे धान के खेत में काम करने गई थी। खेत के ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्ट का तार अचानक उसके ऊपर गिर गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने खेत से धुओं उठता देखा तो रामपुर उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को आलमगंज-रसूलहा मार्ग पर रखकर जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि जब तक जर्जर तार नही बदला जाएगा तब तक शव को नही दिया जाएगा।