बदलापुर। ट्रक के लोन की बकाया किश्त न चुकाने पर वसूली एजेंटों ने जिस ट्रक मालिक को तेल छिड़ककर जला दिया था, उसकी सोमवार को मौत हो गई। वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आजमगढ़ के सरायमीर थाने के पेंडारा गांव निवासी सत्यप्रकाश राय (51) ने मुंबई की एक निजी फाइनेंस कंपनी से लोन लेकर ट्रक खरीदा था। लॉक डाउन के दौरान लोन की पांच किश्तें टूट गई थी। फाइनेंस कंपनी के वसूली एजेंट उस पर बकाया चुकता करने के लिए दबाव बना रहे थे। 16 सितंबर को बदलापुर में घनश्यामपुर के पास कार से आए कंपनी के चार कर्मचारियों ने मध्य प्रदेश के रीवा से गिट्टी लेकर आ रहे ट्रक मालिक को रोका और वाद-विवाद के बाद उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के बाद से ही गंभीर रुप से झुलसे सत्यप्रकाश का उपचार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। वहां सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। एसओ ने बताया कि मौत की सूचना मिली है। मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाई जाएगी।