जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के हाथों सम्मानित हुए दोनों उद्यमी
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 का उद्घाटन लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 80 हजार करोड़ की 1406 परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इसका लाइव प्रसारण जनपद में उद्यमियों को दिखाया दिया। इसके लिए कलेक्ट्रेट में व्यवस्था की गई थी। साथ ही इस मौके पर तीन करोड़ से कम पूंजी निवेश करने वाले दो उद्यमियों को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सम्मानित भी किया।
जनपद स्तर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें तीन करोड़ से कम पूंजी निवेश करने वाली औद्योगिक इकाइयों मेसर्स आदित्य यार्न डायर्स की प्रोप्राइटर रंजू जायसवाल एवं मेसर्स बोखारा प्राइवेट लिमिटेड के प्रोप्राइटर आलोक अग्रवाल को सम्मानित किया गया। औद्योगिक क्षेत्र सिधवन को ओडीओपी उपहार एवं इंग्रेव्ड मेटल प्लेटों का वितरण जिलाधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ला, जिला विकास अधिकारी बीबी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रामदरश यादव, उपायुक्त उद्योग के प्रतिनिधि नोडल अधिकारी मो. रजा, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी जय प्रकाश आदि उपस्थित रहे।