मछलीशहर/नेवढ़िया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली गिरने से किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। तहसील प्रशासन की टीम जांच कर पीड़ित परिवारों को आपदा राहत के तहत लाभान्वित करने के लिए कवायद में जुट गई हैं।
नेवढ़िया थाना क्षेत्र के धनेथू (विराजीपुर) गांव निवासी नंदलाल गौतम उर्फ नंदा देर शाम घर का समान लाने दुकान पर गया था। इसी दौरान बारिश होने से वह एक बगीचे में पेड़ के नीचे छिप गया। बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मछलीशहर कोतवाली अंतर्गत ग्राम भरहूपुर निवासी प्यारेलाल बिंद की पुत्री सिलोचना (13) घर से एक किलोमीटर दूर खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान बिजली गिरने से वह चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम करवाए ही दाह संस्कार कर दिया। उधर, मंगलवार की रात बिजली गिरने से बरईपार क्षेत्र के शाहपुर गांव में शंभूनाथ यादव का छत क्षतिग्रस्त हो गया। रामपुर कटाहित निवासी कुंवर साहब मौर्य का इलेट्रॉनिक उपकरण जल गया।