महराजगंज। भटौली गांव में बृहस्पतिवार को घर से 600 मीटर की दूरी पर स्थित एक तालाब में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि भटौली गांव के दलित बस्ती निवासी शोभनाथ का कम्मरपुर निवासी भांजा 11 वर्षीय शिवम पुत्र नन्हे गौतम दो दिन पहले अपनी मां के साथ ननिहाल आया था। बृहस्पतिवार की देर शाम शोभनाथ का 12 वर्षीय पुत्र अमन व पड़ोसी प्रिंस पुत्र भोलानाथ घर से टहलते हुए घर से लगभग 600 मीटर की दूरी स्थित एक सुनसान तालाब के पास चले गए। तालाब में नहाने के लिए घुसे, तभी शिवम व अमन डूबने लगे। इस पर प्रिंस तैरकर बाहर निकल कर शोर मचाने लगा। आसपास कोई नहीं दिखने पर वह घर पहुंचा और रोते हुए घटना की परिवार वालों को जानकारी दी। परिवार के लोग भागते हुए तालाब के पास गए। तब तक दोनों डूब चुके थे। घटना की सूचना पर थाने की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।