जलालपुर। क्षेत्र के नेवादा गांव में हाथ में पटाखा लेकर जलाते समय दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। धमाके में दोनों के दाहिने हाथ की उंगलियां क्षत-विक्षत हो गईं। दोनों बारूद से भी झुलस गए। नेवादा गांव निवासी वीरेंद्र (24) हथेली में पटाखा पकड़े हुए था। उसका छोटा भाई छोटू (17) उसमें आग लगा रहा था। इसी दौरान पटाखा अचानक हाथ में ही तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि दोनों के दाहिने हाथ लहूलुहान हो गए और उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बारूद की चपेट में आने से दोनों के शरीर भी झुलस गए। कमर से सीने तक कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी ले गए।