मड़ियाहूं (जाैनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हुसेनपुर गांव में सोमवार शाम विवाहिता विशाखा गौड़ (25) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति उदयराज गौड़ के मुताबिक उसकी पत्नी रसोई गैस सिलिंडर न होने से नाराज चल रही थी। इसी बात को लेकर आत्महत्या की। फिलहाल, पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उदयराज गौड़ के अनुसार पत्नी विशाखा रसोई गैस सिलिंडर खत्म होने परेशान थीं। पति ने रसोई गैस सिलिंडर न मिलने की बात कही, जिस पर उसने दो-चार दिन लकड़ी पर भोजन बनाने की सलाह दी। इसी बात से क्षुब्ध होकर विशाखा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे के हुक से लटका उसका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति इटाएं बाजार में छोला-फुल्की का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। इंस्पेक्टर क्राइम इरफान अली ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।