सुरेरी। रामपुर ब्लाक के मुरकटिया गांव में दो सगे भाई कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। दोनों ने खुद वाराणसी पहुंचकर सैंपल दिया था। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद स्वास्थ्य टीम देर शाम दोनों को कोविड-19 अस्पताल ले गई। दोनों भाई 18 मई को ट्रक में मुंबई से आए थे। जिले में अब मरीजों की संख्या कुल 158 हो गई। हालांकि दो भाइयों समेत तीन के सैंपल वाराणसी में लिए जाने के कारण इन्हें जिले के मरीजों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। 25 मरीज स्वस्थ्य हुए है, जबकि तीन की मौत हुई है।
मुरकटिया गांव निवासी युवक (35) मुंबई में रहकर ट्रक चलाता था। छोटा भाई (32) भी ट्रक चालक है। लॉक डाउन के बाद दोनों ट्रक लेकर मुंबई से रवाना हुए और 18 मई को गांव पहुंचे। यहां आकर बड़ा भाई गांव में ही बने क्वारंटीन में चला गया, जबकि छोटा भाई होम क्वारंटीन में रहने लगा। सर्दी-खांसी की समस्या होने पर दोनों भाई 23 मई उपचार के लिए वाराणसी गए। वहां स्वयं अपना सैंपल दिया। बृहस्पतिवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई। वाराणसी से फोन पर सूचना मिलने के बाद शाम को स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची। दोनों भाइयों को एंबुलेंस से कोविड-19 अस्पताल ले जाया गया। रामपुर सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रभात यादव ने बताया कि दोनों भाइयों की जांच वाराणसी में हुई थी। वहां से उनकी रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कोविड-19 अस्पताल भेजा गया है।