बक्शा। स्थानीय थाने की पुलिस ने पचास हजार रुपये के नकली नोटों के साथ दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों के पास से पुलिस ने पांच सौ के 100 नोट बरामद किए हैं। पुलिस को वाहन चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली है।
थाने के उपनिरीक्षक हरिश्चन्द्र राव हमराही सिपाहियों के साथ सोमवार की शाम गोरियापुर विद्युत उप केंद्र के पास हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान आ रहे दो युवक सामने पुलिस को देख भागने का प्रयास करने लगे। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से पांच पांच सौ रुपये के एक सौ नोट बरामद हुए सभी नोट नकली थे। एक ने अपना नाम संतोष दूबे निवासी सुल्तानपुर एवं दूसरे ने शमसाद निवासी मोहम्मदपुर बताया। दोनों आरोपियों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह का कहना है कि नकली नोट वे कहां से लाते थे इसकी छानबीन की जा रही है। इस गिरोह से जुड़े कुछ और लोगों के बारे में जानकारी हुई ही। शीघ्र ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वे नोट को मार्केट में खपाने के लिए ले जा रहे थे।