कस्बे के भलुआही गांव स्थित एक निजी स्कूल पर 20 दिन के अंदर दो बार फायरिंग कर दहशत फैलाने के दो आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी विद्यालय के प्रबंधक से एक करोड़ की रंगदारी की मांग कर रहे थे। तीसरा आरोपी 50 हजार का इनामी है जो अभी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ल ने बताया कि विद्यालय के गेट पर 27 जनवरी की रात बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। प्रबंध निदेशक थॉमस जोसेफ की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही थी। इसी बीच प्रबंधक ने बताया कि मोबाइल से बदमाश एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग कर रहे थे। 14 फरवरी की देर शाम बदमाशों ने फिर गेट पर फायरिंग की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दूसरी बार की घटना में बदमाशों ने गेट के अंदर एक पत्र भी फेंका था। इसमें दोबारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की बात लिखी गई थी। रंगदारी न देने पर अगली बार जान से मारने की धमकी भी दी गई। दोनों घटनाओं में मौके से चार खोखा बरामद हुआ था।
पुलिस को सूचना मिली कि विद्यालय पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने के आरोपी पवन यादव निवासी हैदरपुर तेजीबाजार और उसका सहयोगी रोहित सिंह निवासी मुरादपुर बदलापुर मुंबई जाने के लिए उसराबाजार में खड़े है। अपराध निरीक्षक मुन्नाराम घुसिया के नेतृत्व में पुलिस ने टीम भेजकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस घटना में शामिल तीसरा आरोपी 50 हजार का इनामी आनंद सिंह उर्फ शोले निवासी लखौआ बक्शा अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश की जा रही है।