सरपतहां थाना क्षेत्र के बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर शुक्रवार की रात 12 बजे बड़ा हादसा हुआ। पान की गुमटी को रौंदते हुए एक अनियंत्रित ट्रक सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी में घुस गया। इससे पूरी चौकी जमींदोज हो गई। इस घटना के कारण पुलिस चौकी के पास मौजूद एक युवक की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि एक दीवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है।
लखनऊ-बलिया राजमार्ग के किनारे सरायमोहिउद्दीनपुर पुलिस चौकी है। शुक्रवार की रात 12 बजे एक ट्रक सूरापुर की तरह जा रहा था, जो अनियंत्रित होकर महेंद्र यादव के पान की गुमटी को रौंदते हुए पुलिस चौकी में घुस गया। इससे पूरा भवन ही जमींदोज हो गया। गहरी नींद में सो रहे बाजारवासी तेज आवाज को सुनकर मौके पर पहुंचे। जहां चौकी पर तैनात दीवान प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल थे, उन्हें आनन-फानन में शाहगंज स्थित एक प्राइवेट नर्सिगिं होम में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा है। वहीं घटना स्थल पर मौजूद सरायमोहिउद्दीनपुर निवासी कल्लू (45) की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। लोगों ने उसके शव को बाहर निकाला और पुलिस के उच्चाधिकारियों को सूचना दी। ट्रक चालक रामफल पुत्र मइयादीन निवासी बड़ागांव थाना कोतवाली हमीरपुर जिला हमीरपुर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था।