जौनपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय स्नेहा यादव की अदालत ने सैय्यद शहंशाह हुसैन की दरखास्त पर टीवी पर प्रसारित होने वाले %मैडम सर% सीरियल में अभद्र टिप्पणी को लेकर अभिनेत्री भाविका शर्मा एवं प्रोड्यूसर तथा डायरेक्टर के खिलाफ वाद दर्ज किया। कोर्ट ने थाना बक्सा से 6 अगस्त तिथि नियत करते हुए रिपोर्ट तलब किया है।
सैयद शहंशाह हुसैन निवासी पुरानी बाजार,कोतवाली ने अदालत में सोनी सब चैनल के सीरियल मैडम सर की अभिनेत्री भाविका शर्मा,प्रोड्यूसर असीम एवं डायरेक्टर हेमेन के खिलाफ अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव व उपेंद्र विक्रम सिंह के माध्यम से दरखास्त देकर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की है। वादी शहंशाह,गवाह साहिल, फिरोज व खादिम ने ग्राम रन्नो थाना बक्सा में 24 जुलाई 2020 की रात 10: बजे मैडम सर सीरियल देखा जिसमें अभिनेत्री भाविका शर्मा पुलिस अधिकारी की भूमिका में घिनौना डायलॉग बोला। अभिनेत्री के डायलॉग से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई। उन्होंने धार्मिक स्थल इमामबाड़ा को लेकर भी अभद्र डायलॉग बोला है। वादी के अधिवक्ता हिमांशु श्रीवास्तव ने तर्क दिया कि इमामबाड़ा के अलावा पवित्र गंगा मां एवं मां शब्द के लिए भी अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। वादी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। टीआरपी बढ़ाने के लिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास किया गया।