बदलापुर। क्षेत्र के ऊदपुरघाटमपुर गांव में गंवई राजनीति के फेर में 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर पिछले दो सप्ताह से पोल पर लगने की बजाय जमीन पर रखा हुआ है। उमस भरी गर्मी में बिजली न मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली की आपूर्ति न होने से किसान जहां धान के फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे है तो पेयजल की समस्या भी गहरा गई है।
गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जुलाई में जल गया था। दो सप्ताह बाद किसी तरह नया ट्रांसफार्मर आया भी तो गंवई राजनीति के चलते पोल पर नहीं लग पा रहा। पुरानी जगह पर कुछ लोग ट्रांसफार्मर लगने नहीं दे रहे, जबकि कुछ लोग उसी जगह ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए पैरवी में लगे हुए हैं। दर्जनों उपभोक्ताओं ने एसडीओ विद्युत से मुलाकात कर ट्रांसफार्मर को पोल पर रखवाने की मांग की है। उपभोक्ताओं की समस्या देखते हुए एसडीओ रंजीत कुमार ने बदलापुर के प्रभारी निरीक्षक को पत्र लिखकर ट्रांसफार्मर पोल पर चढ़वाने के लिए मदद मांगी है। गांव के रामसमुझ यादव, हौसिला प्रसाद, राजदेव, वंशराज, मुन्नालाल यादव, राजबहादुर आदि ने शीघ्र ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है।