जौनपुर। हाइडिल परिसर में लगा मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया है। इससे तीन फीडर की आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण 10 हजार से अधिक लोगों के घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। अब नया ट्रांसफार्मर लगाने में एक-दो दिन का समय लग सकता है। हालांकि रोस्टिंग करके आपूर्ति देने का अधिकारियों ने निर्णय लिया है।
सुबह साढ़े छह बजे के करीब तेज धमाके के साथ फाल्ट आ गया। चेक करने पर पता चला कि मुख्य ट्रांसफार्मर जल गया। इसके चलते मल्हनी, टाउन वन और टाउन फोर फीडर की पूरी आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते शहर के ओलंदगंज, कचहरी, हुसेनाबाद, मातापुर समेत कई इलाकों की बिजली ठप हो गई और लोग परेशान हो गए। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस समस्या के कारण दस हजार से अधिक कनेक्शनधारकों के घरों की आपूर्ति ठप हुई है। हालांकि एसडीओ सौरभ मिश्रा का कहना था कि रोस्टिंग करके व्यवस्था को कंट्रोल करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, एक्सईएन शुभेंदु शाह ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के कारण तीन फीडर की आपूर्ति ठप हुई है। रोस्टिंग करके आपूर्ति की जाएगी। एक-दो दिन में पूरी तरह से बिजली बहाल हो पाएगी