जौनपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा के पर्यवेक्षण में पहले फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों से 156 फील्ड ट्रेनरों का चयन किया गया है।
जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग के अनुसार फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण दो चरणों में होगा। पहला चरण पांच, छह और सात अक्तूबर तथा दूसरा चरण आठ, नौ और 10 अक्तूबर को निर्धारित है। प्रत्येक चरण में दो बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रत्येक बैच में 40 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को केंद्र बनाया गया है।
फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण देने के लिए राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में अजय कुमार मौर्य (एसआरजी), उमेश कुमार मिश्र (एआरपी), कमलेश कुमार यादव (एसआरजी) और डॉ. आशुतोष शर्मा (असिस्टेंट प्रोफेसर) को नियुक्त किया गया है। फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण के बाद जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।