जनहित पीजी महाविद्यालय में काशी क्षेत्र के कार्यशाला को संबोधित करते राज्यसभा सांसद व पूर्व डिप
जलालपुर। भारतीय जनता पार्टी काशी क्षेत्र द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनहित पीजी कॉलेज में क्षेत्रीय वक्ता कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने शिरकत की। कार्यशाला में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी की नीति, रीति और सिद्धांतों को आत्मसात करने का उपक्रम है। यह प्रक्रिया भविष्य के कुशल नेतृत्व को तैयार करती है और कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व को निपुण बनाती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के कुशल नेतृत्व में भाजपा 11.57 करोड़ सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। डॉ. शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत पर चलते हुए आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना है। वर्तमान सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। कार्यशाला में प्रशिक्षित वक्ता अब मंडल स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे। समारोह के समापन सत्र को प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने संबोधित किया, जबकि काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, सांसद दर्शन सिंह, पूर्व सांसद केसरी देवी पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशू और भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।