मछलीशहर। नगर के रोडवेज बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सड़क पर पैदल जा रही एक नर्स घायल हो गई। प्रयागराज के अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। वहीं, उसकी सहेली उमा घायल हो गई। जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत स्थित है।
कोतवाली के ग्राम मीरपुर करौंदी निवासी हरिशंकर पटेल की पुत्री आंचल (20) नगर के एक नर्सिंग होम में नर्स का प्रशिक्षण ले रही थी। सोमवार को सांयकाल पांच बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने के पश्चात अपनी सहेली अमारा निवासी उमा (20) के साथ वह हाईवे से होकर पैदल जंघई चौराहे पर जा रही थी। जहां से दोनों को बस पकड़कर जमुहर बाजार जाना था। दोनों बस स्टैंड से बमुश्किल 200 मीटर आगे पहुंची थीं कि हाइवे पर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल उसी नर्सिंग होम में ले जाया गया, जहां वह नर्स का प्रशिक्षण ले रही थी। वहां से डॉक्टर ने आंचल को जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल से उसे स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज प्रयागराज रेफर किया गया। जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने गाड़ी नंबर के आधार पर मुकदमा स्थानीय कोतवाली में पंजीकृत कराया है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।