जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के कम्मरपुर गांव के दलित बस्ती में रविवार को धर्म परिवर्तन मामले में पुलिस ने सत्या शुक्ला जिला संयोजक बजरंग दल की तहरीर पर तीन नामजद समेत छह से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
आरोप है कि कम्मरपुर गांव के दलित बस्ती में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इसमें विनय उर्फ मोनू गौतम, उसकी पत्नी रेनू तथा बदलापुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी उसका साला अनिल गौतम अपने आवास शामिल हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली तो रविवार को जिला संयोजक सत्या शुक्ला, प्रखंड सह संयोजक अमित राय, अमिताभ मिश्रा, अनुज शुक्ला व प्रमोद शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने बस्ती में पहुंच कर जानकारी ली। मौके पर काफी संख्या में इसाई धर्म के अनुयायी प्रार्थना करते मिले। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंच गए। भारी पुलिस बल देख लोग मौके से भागने लगे। पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में प्रभारी निरीक्षक खुटहन संजय वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया गया है। इसके अलावा छह से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।