28- शाहगंज स्टेशन पर ट्रेन से आये यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग करते टीटीई।
- फोटो : JAUNPUR
शाहगंज। करीब दो माह के लंबे अंतराल के बाद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को अमृतसर-जयनगर व ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव हुआ। दोनों ट्रेनों से सौ से अधिक यात्री स्टेशन पर उतरकर घर के लिए रवाना हुए। प्लेटमार्ट पर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। कोई संदिग्ध नहीं मिला।
लॉक डाउन के बाद पहली ट्रेन अमृतसर से जयनगर को जाने वाली ट्रेन संख्या 04650 स्थानीय स्टेशन पर अपने निर्धारित समय पर पहुंची। इसमें से 14 यात्री स्टेशन पर उतरे। वहीं सूरत से छपरा जाने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19045 अपने निर्धारित समय दोपहर 1:05 बजे से 25 मिनट देर से आई। इस ट्रेन में 108 यात्री उतरे। सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग टीटीई पंकज कुमार ने की। इसके अलावा आरक्षण टिकट खिड़की पर यात्रा के लिए टिकट खरीददारों व यात्रा निरस्त कर टिकट वापसी करने वाले लाइन में लगे रहे। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार यादव, जीआरपी चौकी प्रभारी अयोध्या प्रसाद हमराहियों के साथ लॉक डाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में लगे रहे। फिलहाल कोई यात्री संदिग्ध नहीं पाए जाने से विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली।