जौनपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर तमाम कवायद की जा रही हैं, लेकिन ढाई साल पहले शहर में ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया आज तक पूरी नहीं हो सकी। बजट मिलने के बावजूद प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में है। वजह सिग्नल के संचालन के लिए टेंडर ही नहीं हो पाया। ऐसे में हाथ के इशारे से ही यातायात नियंत्रित की जा रही है। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही कई वर्ष से ट्रैफिक सिग्नल की जरूरत महसूस की जा रही है। वाजिदपुर तिराहे पर सिग्नल लगा भी लेकिन ये आज तक चालू नहीं हो सका। सिग्नल लगाने की शुरू हुई प्रक्रिया के बाद से तीन डीएम और दो कप्तान बदल गए लेकिन इसे चालू करने की कवायद पूरी नहीं हो पाई। शहर में अन्य चौराहों जैसे जेसीज चौराहा, पालिटेक्निक चौराहा, कोतवाली चौराहा पर सिग्नल प्रस्तावित है। तत्कालीन जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के कार्यकाल में तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह ने ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए कमिश्नर वाराणसी के यहां फाइल मंजूरी के लिए भेजी थी। मार्च 2023 में इसे मंजूरी मिली। योजना के तहत 4.70 करोड़ रुपये से 15 चौराहों पर ऑटोमैटिक ट्रैफिक सिग्नल लगने थे। स्मार्ट सिटी वाराणसी की एजेंसी फाइनल करने के बाद सितंबर 2023 में सर्वे शुरू हुआ था। इसके बावजूद प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में है। इसका खामियाजा नगरवासियों को जाम से जूझकर उठाना पड़ रहा है। ऐसे में यातायात पुलिस हाथ के इशारे से ही व्यवस्था संभाल रही है।
इन जगहों पर लगने थे ट्रैफिक सिग्नल-जेसीज चौराहा, सिपाह तिराहा, वाजिदपुर तिराहा, नईगंज तिराहा, मुरादगंज तिराहा, चहारसू तिरहा, लाइन बाजार तिरहा, पालिटेक्निक चौराहा, अंबेडकर चौराहा, ओलंदगंज चौराहा, कोतवाली चौराहा पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने के लिए सर्वे भी कराया गया है।
हर चौराहे पर सिपाही, फिर भी जाम-यातायात विभाग भले ही स्टाफ के पर्याप्त होने का दावा करता हो लेकिन इनके रहने न रहने का कोई फायदा सड़कों पर नहीं दिखाई देता। सभी प्रमुख चौराहों पर एक एसआई और चार से पांच सिपाहियों की तैनाती है। जाम लगने पर सभी अपनी कुर्सी पर ही विराजमान रहते हैं। यह तभी उठते हैं जब किसी अधिकारी या वीवीआईपी का आगमन होता है।
यातायात पुलिस के पास स्टॉफ पूरा, हर चौराहों पर लगती है ड्यूटी
टीएसआई सुशील कुमार ने बताया है कि यातायात पुलिस विभाग के पास स्टॉफ की कोई कमी नहीं है। इस समय महाकुंभ में भी यातायात की टीम लगाई गई। 26 के बाद टीम वापस आ जाएगी। नगर के हर चौराहे और तिराहे पर पुलिस बल की तैनाती रहती है। ट्रैफिक सिग्नल के लिए सिटी मजिस्ट्रेट की तरफ से प्रक्रिया की जा रही है। इसके लिए दो दिन पहले बैठक भी हुई है। जल्द ट्रैफिक सिग्नल लगाने का भी कार्य शुरू होगा।