धर्मापुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर स्थित नव निर्मित भवन के गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार की रात कुछ मनबढ़ों ने पहुंचकर बवाल किया। मकान मालिक समेत छह लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। उपद्रवियों ने वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बक्सा थाना के दरियावगंज निवासी इंद्रसेन सिंह का लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर स्थित नव निर्मित भवन का गृह प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था। रात 9 बजे विक्रम कुमार, विक्की, धोनी व राहुल अपने हाथों में लोहे की रॉड व लाठी-डंडा लेकर घुस गए। अचानक आने का कारण पूछा ही था कि सभी इंद्रसेन सिंह, उग्रसेन सिंह, अरविंद कुमार सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, दिव्यांश सिंह, राणा प्रताप सिंह पर टूट पड़े और मारपीट कर घायल कर दिया। मारने- पीटने के बाद प्रांगण में खड़ी कार भी क्षतिग्रस्त कर दी।
मारपीट में इंद्रसेन सिंह सहित तीन लोगों का सिर फट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार सतीश सिंह ने बताया कि उक्त मामले में तहरीर के आधार पर मीरपुर के विक्की, राहुल, धोनी व विक्रम कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक को गिरफ्तार कर अन्य युवकों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।