पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के चुनाव में बृहस्पतिवार को मतगणना के दौरान बवाल हो गया। एक प्रत्याशी के मतदान पत्र फाड़ने के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि चुनाव निरस्त करना पड़ा।
अब 19 फरवरी को दोबारा मतदान कराया जाएगा। हालांकि नामांकन की प्रक्रिया नहीं दोहराई जाएगी। प्रत्याशी वही रहेंगे।
पूविवि शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के चुनाव के लिए दोपहर दो बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। इसके बाद तीन बजे से मतगणना शुरू हुई।
मतगणना का काम लगभग पूरा हो चुका था कि हार का आभास होने पर अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने गणना कर रखे गए मतपत्रों को फाड़ दिया। उनका आरोप था कि चुनाव में गड़बड़ी की गई है। इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया।
सभी प्रत्याशी रजिस्ट्रार कार्यालय में धरने पर बैठ गए। हंगामे को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस में पुलिस फोर्स तैनात कर दी। देर रात तक रजिस्ट्रार कार्यालय में प्रत्याशियों की पंचायत चलती रही।
सभी प्रत्याशी रजिस्ट्रार वीके पांडेय के कार्यालय में रात करीब साढ़े सात बजे तक बैठे रहे, लेकिन मसले का कोई हल नहीं निकल रहा था।
सुरक्षा के लिए सरायख्वाजा थाने की पुलिस विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में देर रात तक डटी रही। अंत में रात करीब पौने आठ बजे विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान को निरस्त करते हुए उसे दोबारा करवाने का निर्णय ले लिया। चुनाव अधिकारी डा. अजय द्विवेदी ने बताया कि अब 19 फरवरी को दोबारा मतदान कराया जाएगा। प्रत्याशी सभी वही रहेंगे।