जौनपुर। वाराणसी व प्रयागराज जाने वाले लोगों के लिए वाहनों से यात्रा करना अब महंगा हो गया है। एक अप्रैल से टोल प्लाजा पर बढ़ी हुई दरें देनी होंगी। जिले के दो स्थानों सिरकोनी व कुंवरपुर में टोल प्लाजा है। नई दरों के अनुसार छोटे वाहनों से पांच रुपये और बड़े वाहनों से 10 रुपये बढ़ाकर टोल टैक्स लिया जाएगा।
एनएचएआई का एक टोल प्लाजा पंवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर में तो दूसरा सिरकोनी ब्लाक के हौज में है। शहर से कुंवरपुर टोल पार कर वाहन प्रयागराज व लखनऊ के लिए जाते हैं। तो वही जिला मुख्यालय को जोड़ने के लिए हौज टोल प्लाजा से वाराणसी के लिए गाड़ियों का आवागमन होता है।
बढ़ी हुई दरें इस प्रकार होंगी :-
कुंवरपुर व हौज स्थित टोल प्लाजा पर 24 घंटे में आवागमन पर कार, जीप, वैन का पहले जहां 115 रुपये था अब 120 रुपये देना पड़ेगा। मिनी बस पर पहले 125 रुपये तो अब 130 रुपये लगेगा। ट्रक टू एक्सेल बस टू एक्सेल 260 रुपये की जगह 270 रुपये कर दिया गया। ट्रक थ्री एक्सेल में व्यावसायिक वाहनों पर 285 रुपये से बढ़ाकर 295 रुपये कर दिया गया। ट्रक फोर एक्सेल, सिक्स एक्सेल 410 की जगह 420 देना पड़ेगा ओवरसाइज गाड़ियों को अब 500 की जगह 515 वाहन स्वामियों को खर्च करना पड़ेगा।
टोल के लिए लोकल पास की दरों में भी हुई बढ़ोतरी :-
टोल प्लाजा के 20 किमी के परिधि में लोकल मासिक पास के लिए पहले 330 रुपये से बढ़ाकर 340 रुपये कर दिया गया।
बोले जिम्मेदार ...
कुंवरपुर टोल प्लाजा के मैनेजर शारदा प्रसाद पांडेय ने बताया कि एक अप्रैल से संबंधित दरें लागू हो जाएंगी। हौज के टोल प्लाजा के मैनेजर बालकृष्ण दुबे ने बताया कि एनएचएआई से तय बढ़ी दरों को एक अप्रैल से लागू किया जाएगा।