जफराबाद। जौनपुर-वाराणसी हाईवे पर हौज टोल प्लाजा के पास लिंक रोड पर टोल ने बैरियर लगाते हुए बड़े वाहनों और सभी चार और तीन पहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया है। इससे आसपास के गांवों में स्कूली बस, एंबुलेंस व अन्य बड़े वाहनों के आवागामन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हौज में हाईवे पर बने टोल प्लाजा पर टैक्स से बचने के लिए कुछ कॉमर्शियल वाहन लिंक मार्ग से गुजर जा रहे थे। प्लाजा कर्मियों की मिलीभगत से रविवार की रात को बैरियर लगाकर लिंक मार्ग पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। कुछ ग्रामीणों ने टोल कर्मियों से विराेध जताया, लेकिन कुछ ने दुर्घटना का हवाला देते समर्थन में दिखे। जिला पंचायत सदस्य अमरेश रतन सिंह रगीले ने बताया कि बैरिकेडिंग से क्षेत्रीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल बस तक गांव में नहीं पहुंच पा रही है। बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है। यदि किसी की तबीयत खराब हो जाए तो गांव में एंबुलेंस नहीं पहुंच सकेगी। अगर नहीं हटाया गया तो इसका विरोध कानूनी ढंग से किया जाएगा। हौज निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह पिकअप चलाते हैं। रविवार को वह भाड़ा लोड कर जा रहे थे, बैरिकेडिंग की वजह से नहीं निकल पाए। टोल मैनेजर मनीष तिवारी ने बताया कि बैरिकेडिंग सिर्फ बाहरी वाहनों के लिए किया गया है। क्षेत्रीय लोगों के कहने पर लगाया गया है। गांवों को जाने वाले वाहनों को टोल फ्री गुजारा जा रहा है।