जौनपुर। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले में 56 केंद्रों पर होगी। साढ़े 23 हजार परीक्षार्थी इसमें हिस्सा लेंगे। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सभी केंद्रों पर विशेष इंतजाम कराए गए हैं। थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइज कराने के बाद भी परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। कमरों में भी सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सभी परीक्षार्थियों को एक घंटा पहले ही केंद्र पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा को सकुशल और सुचारू रुप से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर एक दिन पहले ही परीक्षा सामग्री मुहैया करा दी गई थी। परीक्षा रविवार को दो पालियों में सुबह 9 से 12 और अपराह्न 2 से 5 बजे के बीच होगी। प्रत्येक केंद्र पर ऑर्ब्जवर के अलावा एक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। कोरोना के संकट को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम के तहत सभी केंद्रों पर सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए शासन ने सभी केंद्रों को 20 रुपये प्रति छात्र की दर से धनराशि भी प्रदान की है। अभ्यर्थियों को क्रमवार ढंग से थर्मल स्क्रीनिंग और हाथ सैनिटाइज करने के बाद केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष में पहुंचने के बाद भी उनके लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था की गई है। मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले दोनों पालियों में प्रत्येक कमरे को सैनिटाइज कराया जाएगा। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी कर दिया गया है। डीएम के अलावा अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करते रहेंगे।