सम्मान समारोह को संबोधित करते नगर विकास सचिव एसपी सिंह।
नगर विकास एवं नगरीय रोजगार तथा गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम के सचिव श्री प्रकाश सिंह ने शनिवार को डीएम भानुचंद्र गोस्वामी तथा विभागीय अधिकारियों के साथ शासन से संचालित योजनाओं की पीडब्ल्यूडी डाक बंगला में समीक्षा की।
बैठक में सीएनडीएस के सहायक अभियंता एके सिंह को सालिड वेस्ट का कार्य कराने के लिए शासन से मिले 6 करोड़ रुपये से प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र ही पूरा कराने का निर्देश दिया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय शुक्ला को नगर की सड़कों, नाली निर्माण एवं सोलर लाइट आदि कार्य को समय से पूर्ण कराने के लिए ताकीद किया।
बताया गया कि आसरा योजना के तहत जिले में मड़ियाहूं, मछलीशहर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एसएन सिंह को कब्रिस्तानों के बाउंड्रीवाल बनवाने को कहा।
बदलापुर नगर पंचायत में जलनिगम द्वारा प्रस्तावित 10 करोड़ 78 लाख रुपये के कार्यों के लिए शासन से मिले 4 करोड़ 68 लाख रुपये तक के सभी कार्य समय से पूर्ण कराने की हिदायत अधिशासी अभियंता जल निगम एमआई अंसारी को दी गई।
एक्सईएन अंसारी ने पचहटिया में चारदीवारी बनाने के लिए धन की मांग की। उधर, नगर विकास सचिव श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों में विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराया गया है। शहर की सड़कें चौड़ी हो रही हैं। जिनसे विकास को गति मिलेगी।
जिले से अपने जुड़ाव पर कहा कि मैं जितना माधवपुर का हूं उतना ही खुद को पूरे जिले का भी मानता हूं। मातृभूमि का कर्ज तो कभी नहीं चुकाया जा सकता है। जितना बन पड़ेगा जीवन भर करूंगा। वे शुक्रवार को नगर पालिका इंटर कालेज एवं उमा विद्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।