मीरगंज। मछलीशहर कोतवाली के तिलौरा गांव निवासी ट्रक चालक पंकज यादव(35) की गुजरात के सूरत शहर में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। दो ट्रकों की टक्कर के बाद ट्रक मे आग लग गयी जिसमें चालक और खलासी जिन्दा जल गये। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मछलीशहर कोतवाली के तिलौरा गांव के शुकुल का पूरा बस्ती निवासी बृजलाल यादव का पुत्र पंकज यादव (35) सूरत शहर में रहकर ट्रक चलाता था। शनिवार की रात एक बजे वह वापी शहर से केमिकल उतारकर सूरत लौट रहा था। रात एक बजे सूरत के कौशांबी ओवर ब्रिज के पास पहले से खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोर थी कि तेज धमाके के साथ ट्रक मे आग लग गई। जब तक पुलिस व फायर विग्रेड पहुचती तब तक ड्राइवर पंकज यादव व उसके साथ खलासी की झुलसकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही चालक के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। सूचना पर मायके से पत्नी रेखा (30) व पुत्र नितिन (12) व नवीन (7) के साथ घर आ गई। मृतक के पिता बृजलाल यादव, माता सुबना देवी का रो रो कर बुरा हाल है। पंकज जून महीने में बारिश होने पर घर आ गया था। वह अभी एक सप्ताह पहले यहां से सूरत गया था।