सुजानगंज के आजो गांव में विधुत की चपेट में आने से हुई युवक की मौत के बाद चक्का जाम करते लोग
- फोटो : JAUNPUR
महराजगंज/सुजानगंज। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मंगलवार को करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक किशोर जख्मी हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। सुजानगंज में हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुछ देर तक जाम भी लगाया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर शांत हुए।
सुजानगंज के आजो गांव निवासी संजय कुमार सरोज (26) मंगलवार को अपराह्न घर में विद्युत तार ठीक कर रहा था। अचानक बिजली आने से वह करंट की चपेट में आ गया। चीख सुनकर पहुंचे परिजनों ने उसे करंट से छुड़ाकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गांव वाले शव लेकर थाने पहुंचे और सड़क पर रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। मौके पर पहुंचे एसओ मनोज कुमार के समझाने पर भीड़ हट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महराजगंज थाना क्षेत्र के जन्नौर निवासी अजमत अली (19) देर शाम साइकिल से भूसा लेकर घर आ रहा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट के पोल के पास साइकिल से असंतुलित होकर गिर गया। विद्युत पोल में उतर रहे करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। पिता रियासत अली दिव्यांग है। बेटा ही उनका सहारा था। उसकी मौत से परिजनों पिता व मां सितारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, मुफ्तीगंज क्षेत्र के उदीयासन गांव निवासी मोहित यादव (20) घर में बिजली ठीक करते समय करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों ने उसे सीएचसी मुफ्तीगंज में भर्ती कराया। अधीक्षक डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि किशोर खतरे से बाहर है।