मड़ियाहूं में 3 कारों के आपस में टकराने से क्षतिग्रस्त कार। स्रोत-संवाद
मड़ियाहूं। शिवपुर बाईपास पर रानीपुर गांव के पास शुक्रवार को करीब 3 बजे तीन कारों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का उपचार कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजगरा प्रतापगढ़ के कटहरिया निवासी शनि कुमार अर्टिगा कार से जौनपुर से दर्शन कर अपने रिश्तेदारी दमोदरा गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार शिवपुर बाईपास पर रानीपुर गांव के पास पहुंची, तभी भदोही की ओर से आ रही एक मारुति सुजुकी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक भागने लगा।
इस दौरान पीछे खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार को भी टक्कर लग गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। स्विफ्ट डिजायर चला रहे जलालपुर थाना क्षेत्र के बराई गांव निवासी अनुपम मिश्रा घायल हो गए। उनका उपचार पास के एक निजी अस्पताल में कराया गया।
मौके पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि एअर बैग खुल जाने के कारण मामूली चोटें आई हैं। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।