सिरकोनी। जलालपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर कोडरी फाटक के समीप रविवार की देर रात अवैध कट से कार मोड़ने की लापरवाही से तीन वाहन आपस में टकरा गए। घटना में दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए। हाईवे पर थोड़ी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही मौके से वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारू करावाया।
रविवार की देर रात लोहगाजर गांव निवासी करमवीर सिंह अपनी कार लेकर जौनपुर की तरफ जा रहे थे। कोड़री फाटक के पास बने अवैध कट से उन्होंने अपनी कार को वाराणसी की तरफ मोड़ दिया। उसी समय अचानक जौनपुर की तरफ से वाराणसी जा रही बस ने कार के अगले हिस्से में टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने के बाद कार पीछे की तरफ चली गई और वाराणसी से जौनपुर की तरफ जा रही एक बोलेरो से टकरा गई। घटना में कार का चालक करमवीर सिंह तथा बोलेरो में सवार अनिता देवी और उनके बच्चे साक्षी व अंकित कुमार घायल हो गए। बोलेरो चालक मनोज कुमार बच गए। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक गजानन्द चौबे, गश्त कर रहे उपनिरीक्षक मोहम्मद शहनवाज के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी रेहटी पहुंचाया। तीनों वाहनों को राजमार्ग से हटवाकर जाम खत्म कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कार के अचानक अवैध कट से मोड़ने पर हादसा हुआ। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था।