जौनपुर/मछलीशहर। जिले में अलग-अलग जगह हुए हादसे में सरायचंदन के निजी स्कूल के प्रधानाचार्य नीरज सरोज (38) समेत तीन युवकों की मौत हो गई है। नीरज प्रयागराज के नैनी परीक्षा केंद्र में टीजीटी परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। बाबूगंज बाजार में साइकिलसवार को बचाने में बाइक पलटने से हादसा हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक श्याम नारायण बिंद ने बताया कि सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी (चेरईकापुरा) निवासी नीरज सरोज (38) उनके स्कूल में 7 वर्ष से प्रधानाचार्य पद पर कार्य कर रहे थे। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग की टीजीटी परीक्षा का फार्म भरा था। वृहस्पतिवार को बाइक से नैनी परीक्षा देने गए थे। लौटते समय साइकिल सवार को बचाने में बाइक पलट गई।
घटना के दौरान उन्हें गंभीर चोट आई जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनके मोबाइल से घर पर सूचना दी गई। रात में ही परिजन शव लेने के लिए घटना स्थल पर पहुंचे हैं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सुपुर्द किया जायेगा।
धर्मापुर ः नयनसंड बाजार में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन से बाइक में टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। थानाध्यक्ष गौराबादशाहपुर गंगा सागर मिश्र ने बताया िक आजमगढ़ के बरौना बरदह निवासी प्रीति गौतम (25) रिश्तेदार आंचल (22) और बाइक चालक आकाश (22) निवासी भुइली थाना गौराबादशाहपुर के साथ बाइक से शादी का सामान खरीदने जौनपुर आ रही थी। नयनसंड बाजार के पास चार पहिया वाहन से बाइक में टक्कर हो गई। जिसके चपेट में आने से तीनों बाइक सवार घायल हो गए।
मुंगराबादशाहपुर ः क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। ग्राम कैलीडीह थाना फतनपुर, जनपद प्रतापगढ़ निवासी विनीत विश्वकर्मा (25) बाइक से घर जा रहे थे।
इसी दौरान जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर नौवाडाडी गांव के पास कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एम्बुलेंस से उन्हें पीएचसी मुंगराबादशाहपुर पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज ले गए। जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। दूसरी घटना देर रात करीब 12 बजे हुई। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के अचनका गांव निवासी मुकेश पटेल (20) पुत्र हरिनाथ पटेल अपने एक मित्र को पवांरा छोड़ने गए थे।
लौटते समय जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया पुलिस चौकी के पास जैसे ही पहुंचे सामने से आ रही दोहरीघाट डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक घटना के बाद भाग गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि दोनों मामलों में वाहन पुलिस के कब्जे में हैं तथा फरार चालकों की तलाश की जा रही है। संवाद
मृत प्रधानाचार्य नीरज सरोज की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन