जौनपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की देर रात और रविवार को तीन लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इनमें से सिर्फ एक शव की शिनाख्त हो सकी। शेष दो शवों को पुलिस ने मोर्च्यूरी में रखवाया है। पुलिस जांच में जुटी है।शाहगंज : मजडीहां रेलवे फाटक के समीप शनिवार की देर रात ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। कंट्रोल की सूचना पर आरपीएफ व कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मजडीहां रेलवे फाटक समीप पोल संख्या 857/40 व 858/20 के मध्य शनिवार की देर रात वाराणसी की तरफ जा रही माल वाहक ट्रेन से कटकर एक युवक (30) की मौत हो गई। युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।बदलापुर : श्रीकृष्णानगर रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर सुल्तानपुर की तरफ से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आकर एक अधेड़ (55) की मौत हो गई। वह प्लेटफॉर्म नंबर एक से ट्रैक पार कर दो नंबर पर जा रहा था। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाली पुलिस ने तलाशी ली तो उसकी जेब से दिल्ली के लोहिया अस्पताल की एक उपचार पर्ची मिली जिस पर सूबेदार उपाध्याय पुत्र काशीराम निवासी न्यू कश्मीरी गेट नई दिल्ली लिखा था। मृतक सफ़ेद शर्ट तथा काले रंग का पैंट पहने था।चंदवक : औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड पर दुधौड़ा रेलवे स्टेशन के समीप रविवार सुबह युवक (25) की मालगाड़ी से कट कर मौत हो गई। हिसामपुर गांव निवासी राजन राजभर कई वर्षों से अपने ससुराल बिसौरी गांव रहता था। रविवार की भोर में राजन घर से कब निकला थी किसी को पता नही चल सका। सुबह पिलर संख्या 24 और 30 के राजन का शव ट्रेक पर कटी अवस्था में पाई गई। चंदवक थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही।