भाजपा सांसद केपी सिंंह ने कहा कि शहर के तीनों रेलवे क्रासिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज के लिए केंद्र सरकार ने धन आवंटित कर दिया है। ओवरब्रिज के निर्माण का काम शीघ्र शुरू हो जाएगा।
इससे जौनपुर-मिर्जापुर, जौनपुर-इलाहाबाद और जौनपुर-वाराणसी मार्ग पर लगने वाले जाम से जिले के लोगों को निजात मिल जाएगी। रविवार को वह जज कालोनी स्थित कार्यालय पर पत्रकार वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य राहत योजना से जनपद के 70 से 75 प्रतिशत गंभीर रूप से पीड़ित व्यक्तियों के इलाज के लिए धनराशि आवंटित की गई है। शहर के मध्य गोमती नदी के घाटों के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा
गया है। इसके अलावा जनपद में केंद्रीय विद्यालय के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा जमीन की मांग की गई है। जमीन उपलब्ध होते ही धन स्वीकृत हो जाएगी। उन्होंने अपनी निधि से हैंडपंप के लिए डेढ़ करोड़ रुपये दिया है।
भूमि अधिग्रहण बिल किसान हित में है। कांग्रेस सरकार ने जो बिल पास किया था, उसमें किसान के परिवार को नौकरी का जिक्र नहीं किया था, लेकिन मोदी सरकार किसान के परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी देगी।
इस मौके पर वाराणसी के पूर्व मेयर कौशलेंद्र सिंह, सुशील उपाध्याय, जिलाध्यक्ष हरिश चंद्र सिंह, दारा सिंह, राजेश श्रीवास्तव, राजवीर दुर्गवंशी, पंकज मिश्रा, अनिल सिंह परिवर्तन आदि मौजूद थे।