जौनपुर। जिले में शनिवार की रात हुई बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। पेड़ गिरने से दो कच्चे मकान ध्वस्त हो गए। उनमें रखे गृहस्थी के सामान नष्ट हो गए, जबकि कई स्थानों पर तार-पोल पर पेड़ की डालियां गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मुफ्तीगंज: पसेवां मई घाट के पास तेज हवा और बारिश से छप्पर के बगल स्थित आंवले का पेड़ छप्पर पर गिर गया। इससे दिनेश सिंह का सीमेंट शेड गिर गया। उसमें रखा 30 बोरा गेहूं, भूसा और अन्य अनाज को नुकसान पहुंचा। देर शाम तक तहसील का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
बक्शा: शनिवार रात्रि में बारिश के दौरान गुम हुई बिजली रविवार दोपहर एक बजे बहाल हो सकी। इस दौरान इनवर्टर और सोलर व्यवस्था ठप हो जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। लखनीपुर, गोरियापुर गांव में बिजली के तार पर पेड़ गिरने की जानकारी विभाग को हुई तो सुबह डालियां काटकर गिराई गईं। गोरियापुर, बक्शा, सवंसा फीडर से संचालित होने वाली रेलवे फीडर, बबुरा, सुजियामऊ शंभूगंज फीडर की गोपालापुर, बक्सा, चुरावनपुर, शिवगुलामगंज, वीरभानपुर, खमपुर, बबुरा नौपेड़वा, बेलापार, कौली, उमरक्षा, उमरपुर, हसरौली, भिवरहा, लखनीपुर, बसालतपुर, सुजियामउ, भटपुरा, कर्तिहा,गोरियापुर, गढ़ासेनी, सादनपुर अर्धपुर, खुसहूपुर सहित कई गांवों की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप रही।
खेतासराय: तेज हवा के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। वहीं रात भर क्षेत्र में बिजली गुल रही। रात 10 बजे बारिश शुरू होते ही बिजली चली गई। जो कि रविवार को दिन में 12 बजे बहाल हुई। बादशाही उपकेंद्र से बताया गया कि बिजली की मेन सप्लाई ठप हो गई थी। बारिश से मनेच्छा गांव निवासी श्याम कन्हैया का कच्चा मकान रविवार को सुबह गिर गया। दीवार गिरने से गृहस्थी के सामान खराब हो गए। वहीं चकसा गयास निवासी रामू की कच्ची दीवार गिरने से कमरे रखे सामान क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों स्थानों पर कोई घायल नहीं हुआ।
गौराबादशाहपुर: बिथार गांव में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफॉर्मर एक सप्ताह से जला पड़ा है। इससे 100 घरों में अंधेरा है। उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। जेई प्रदीप यादव बताया कि जल्द ही ट्रांसफॉर्मर बदल दिया जाएगा।
धर्मापुर: शीतला चौकियां धाम मार्ग पर शनिवार रात तेज बारिश से सागौन का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे रविवार सुबह से ही चौकियां धाम मार्ग अवरुद्ध रहा। पेड़ गिरने से दिनभर आवागमन बाधित रहा। वहीं, शीतला चौकियां धाम क्षेत्र में रात लगभग दस बजे से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत वितरण खंड तृतीय के एसडीओ धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि फॉल्ट ठीक कर लगभग डेढ़ बजे क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है। चौकियां धाम शीघ्र फॉल्ट ठीक करवाकर आपूर्ति शुरू करवा दी जाएगी।
...
शाम होते ही छा जाता है अंधेरा
धर्मापुर। चौकियां चौराहे से महंगूपुर की तरफ जाने वाली सड़क किनारे बिजली के खंभों पर लगी एलईडी लाइट महीनों से खराब पड़ी हुई है। उसे बनवाने की सुधि नगर पालिका प्रशासन नहीं ले रहा है। शाम होते ही चौकियां धाम मार्ग पर अंधेरा छा जाता है। शाम और रात में आने वाले दर्शनार्थियों को अंधेरे रास्ते से आवागमन करते हुए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।