नेवढ़िया। थाना क्षेत्र के खोरावीर तालाब के पास बुधवार भोर में तीन शातिर बदमाशों को चोरी की मोटरसाइकिल और असलहे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार बुधवार की भोर में सूचना मिली कि तीन शातिर बदमाश एक ही मोटरसाइकिल पर गोपालापुर बाजार से होरैया की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी सीतमसराय शिवभंजन प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ घेराबंदी कर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लगभग साढ़े चार बजे भोर में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश बाइक से खोरावीर तालाब की तरफ भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाश तालाब के पास कच्ची सड़क पर गिर गए और पुलिस ने तीनों को धर दबोचा। तीनों की तलाशी लेने पर उनके पास से दो देसी तमंचे 315 बोर, दो कारतूस, एक पिस्टल 32 बोर, दो कारतूस, एक चोरी की बाइक और नौ कूटरचित आधार कार्ड बरामद हुए। पुलिस ने तीनों को थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की। बदमाशों ने अपना नाम राहुल यादव निवासी परियावा थाना लाइन बाजार, कोमल यादव निवासी जिरात गुतवन थाना नेवढ़िया और राजू सिंह उर्फ अमन सिंह निवासी चड़ई ढेकहा थाना नेवढ़िया जनपद जौनपुर बताया। पुलिस के अनुसार कोमल यादव के खिलाफ जनपद के नेवढ़िया थाना के अलावा लाइन बाजार, कोतवाली, खेतासराय और जलालपुर थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि तीनों बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।