जौनपुर। जिले में शार्ट सर्किट से तीन बीघा से अधिक की फसलें जलकर नष्ट हो गई। घटना रविवार को शाहगंज, मुंगराबादशाहपुर व बरईपार क्षेत्र में हुई।
शाहगंज: कोपा के जयनगरा गांव निवासी गंगा प्रसाद व राम प्रकाश के खेत में रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई। थोड़ी देर में आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई। इस दौरान तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजकर आग बुझाई गई। राजस्व और पुलिस जांच कर रही है। पीड़िता का यथासंभव मदद किया जाएगा।
मुंगराबादशाहपुर : पवांरा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में रविवार को सुबह करीब 10 बजे अज्ञात कारणों से एक बाग में अचानक आग लग गई। आस पास के लोग पास के खेतों में अपनी मेहनत की कमाई गेहूं की फसल को बचाने के लिए जुटे लेकिन आग तेज होती चली गई। ग्रामीणों ने प्रधान के जरिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी । मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सेमरिया ग्राम प्रधान विक्रम त्रिपाठी ने बताया कि आग से पुआल का भूसा जलने के साथ ही कुछ छोटे पेड़ झुलस गए। आस-पास के गेहूं की फसल बचाई जा सकी। फायर ब्रिगेड के अथक प्रयास से करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। उधर, खुटहन क्षेत्र के दरना गांव निवासी मिसरी लाल विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह व मनी लाल यादव की गेहूं की फसल में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया गया गेहूं का फसल जलकर राख हो गई।
मैजिक में लदे पुआल में लगी आग
बरईपार। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में पांच सौ गट्ठर पुआल लेकर जौनपुर जा रही मैजिक में 11 हजार वोल्ट का तार छू जाने से आग लग गई। पुआल से धुंआ उठता देखकर लोगों ने शोर मचाया तो चालक ने गाड़ी रोकी। ग्रामीण काफी मेहनत करके जलते पुआल को बाहर निकाल गाड़ी को सुरक्षित करने का प्रयास में लग गए। पुआल जल गया। गाड़ी में भी नुकसान हुआ। यह पुआल गोहदा गांव से उमाशंकर के घर से जौनपुर निवासी सुशील मैजिक पर पुआल लादकर जा रहा था।
तेजी बाजार थाना क्षेत्र के कान्हापुर गांव में भी गेहूं के बोझ लदे ट्रैक्टर में आग लग जाने से दर्जनों बोझ गेहूं जलकर राख हो गया। शीला देवी ने बताया कि जर्जर बिजली के तार से यह दुर्घटना हुई। एसडीओ एसके सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि फीडर से जुड़े जेई कभी फोन नहीं उठाते हैं।