खुटहन। क्षेत्र के खोभरियां गांव के सेवईं नाला पुल के पास से पुलिस ने मंगलवार की रात पिकअप सवार चोरी के आरोपी दंपती सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। छानबीन में पिकअप चोरी की निकली। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। टीम का सरगना भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 11 बजे सूचना मिली कि एक पिकअप में पशु तस्करी और चोरी के कई आरोपी सुल्तानपुर जिले के करौंदी बाजार से पिलकिछा बाजार की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने उक्त मार्ग के सेंवईं नाला पुल के पास बैरिकेडिंग कर मोर्चा संभाल लिया। थोड़ी देर बाद उन्हें सामने से एक चार पहिया वाहन आता दिखा। पास आने पर पुलिस ने टार्च की रोशनी कर उन्हें रुकने का संकेत दिया तो वह वाहन की रफ्तार और तेज कर पुलिस टीम की तरफ घुमा दिए। बचाव के लिए पुलिस पहले से ही सतर्क थी। वे पटरी के नीचे उतर गए। आगे बैरिकेडिंग में वाहन फंस गया। उस पर सवार सभी लोग भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया, लेकिन चोरों का सरगना रवींद्र वर्मा भागने में सफल रहा। पुलिस ने सरपहा क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी शक्तिमान और अंबेडकर नगर जिले के मजरुआं थाना अंतर्गत बरामदपुर जरियारी गांव निवासी प्रेमचंद वर्मा और इनकी पत्नी सुनीता देवी को हिरासत में ले लिया। जांच में पिकअप का रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी पाया गया। चेसिस नंबर से भी घिसकर बदल दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि सुनीता देवी घूम-घूमकर भिक्षा मांगने के बहाने रेकी करती थी। उसी के सुराग पर पांच जनवरी की रात चोरों ने बनहरा गांव निवासी टेंट हाउस संचालक सुभाष मौर्या के घर के सामने खड़ी पिकअप उड़ा दी थी। पांच हजार रुपये नकदी व दो मोबाइल भी थे। चोरों ने उसी रात पटैला बाजार की सब्जीमंडी में सुभाष निगम के ग्राहक सेवा केंद्र और बगल में अलीहसन की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान का ताला चटकाकर इन्वर्टर बैटरी, पंखा, सीसीटीवी, स्टेबलाइजर, तार चुरा ले गए थे। घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस टीम के सरगना की तलाश कर रही है।