जफराबाद। क्षेत्र के अहमदपुर गांव में भूमि विवाद में हुई मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में गैरइरादतन हत्या के आरोपी पिता पुत्र समेत तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि तीनों कहीं भागने के फिराक में नाथूपुर गांव में स्थित ब्रह्मबाबा मंदिर के पास मौजूद थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जफराबाद थाना क्षेत्र के मलकबहादुरपुर (अहमदपुर) गांव में 19 अप्रैल को विवादित भूमि पर स्थित पेड़ से सहजन तोड़ने के के विवाद में मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष से सुमित्रा, रेखा तथा लक्ष्मण घायल हो गए थे। घायलों में लक्ष्मण (21) और सुमित्रा (60) को गंभीर चोट आई थी। दोनों को घटना के दिन ही जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां शनिवार को लक्ष्मण की उपचार के दौरान मौत हो गयी थी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। थानाध्यक्ष मदनलाल ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने आरोपी शिवकुमार निषाद और उसके दोनों पुत्र रामबदन निषाद व रामसदन निषाद को नाथूपुर स्थित ब्रह्मबाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।