मछलीशहर। कोतवाली पुलिस ने दरोगा की पिटाई करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो जनवरी को रात में ड्यूटी पर जाते समय रेकी करने के शक में आरोपियों ने दरोगा को पीटकर अधमरा कर दिया था। चारों तफ्तीश में पशु तस्करी के आरोपी निकले हैं। बरसठी थाने में तैनात उपनिरीक्षक पारसनाथ यादव की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने दो जनवरी को चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। घटना के समय दरोगा ने तहरीर में बताया था कि ड्यूटी पर जाते समय मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भाट का पुरा गांव के पास वह पहुंचे थे कि फोन आने के बाद बाइक पर ही खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी पिकअप से पहुंचे चार लोगों ने अकारण ही हमला कर दिया। हमलावरों ने कहा कि यह पुलिस वाला है। रेकी कर रहा है इसे मार डालो। जमकर पिटाई करने के बाद वहीं सड़क के बगल में अधमरा कर छोड़ दिया। होश आने पर लोगों के सहयोग से वह कोतवाली पहुंचे। कोतवाली प्रभारी विनीत राय ने बताया कि रविवार की रात करौरा गांव की नहर पुलिया के पास घेरेबंदी कर पुलिस ने पिकअप सहित आजमगढ़ जिले के थाना मेहनगर के ग्राम गौरा निवासी तौसीफ और सेराज, थाना गंभीरपुर के लखमीपुर निवासी बृजेश गुप्ता और चंद्रजीत यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी तौसीफ, सेराज और चंद्रजीत पर मछलीशहर के अलावा गंभीरपुर थाने में भी केस दर्ज हैं। आरोपियों की पिकअप से पुलिस ने तीन मवेशी और एक बछड़ा भी बरामद किया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपियों ने बताया कि वे पुलिस से नफरत करते हैं। अकेले में पाकर उनपर हमला कर देते हैं। बीते दिनों उन्होंने मछलीशहर क्षेत्र में ही दरोगा की पिटाई कर दी थी। कोतवाली पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर चारों का चालान कर दिया।