चौकिया नवीन मंडी में आढ़त की दुकान में लगाई गई सेंध। सोशल मीडिया
धर्मापुर। लाइन बाजार थाना के शीतला चौकिया स्थित नवीन सब्जी मंडी में एक आढ़ती की दुकान में शनिवार रात सेंध लगाकर चोरों ने 41 हजार रुपये नकदी समेत जरूरी दस्तावेज लेकर चम्पत हो गए। सुबह दुकानदार ने दुकान खोला तो वारदात की जानकारी हुई।
जैनुल आब्दीन उर्फ जनूं मियां व शहर के गोपालापुर निवासी मनोज मौर्य की नवीन सब्जी मंडी में मनोज कुमार एंड कंपनी नाम से सब्जियों की आढ़त है। मनोज मौर्य ने बताया कि रोजाना की भांति शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए। शनिवार सुबह ज़ब दुकान पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देख भौचक्क हो गए।
दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगी थी, गोदरेज की आलमारी का लॉक टूटा था। लॉकर में रखा 41 हजार 200 रुपये गायब थे। मनोज मौर्य ने बताया कि चोरों ने सेंध लगाकर आलमारी का लॉक तोड़कर लॉकर में रखे रुपये चोरी कर लिए। थाना प्रभारी लाइन बाजार केके सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।