मीरगंज। क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुरखुर्द में सुनसान पडे़ घर का ताला तोड़कर लाखों का सामान पार कर दिया। पति-पत्नी के दवाखाना जाने के बाद छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने एक घर से नकदी समेत लाखों का सामान पार कर दिया। चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। मीरगंज थाना के ग्राम पंचायत रामपुरखुर्द निवासी बृजेश यादव अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनके अन्य भाई मुंबई रहते हैं। उनकी मां पाही पर रहती है। शुक्रवार की रात 12 बजे रात उनकी पत्नी कविता की तबियत अचानक खराब हो गई। वह बगल के बाजार मुबारकपुर में दवा के लिए पत्नी को लेकर चले गए। चार बजे पत्नी का बुखार कम होने पर भोर में जब वह लौटे तो अंदर आलमारी पेटी बक्सा टूटा देख दंग रह गए। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। बृृजेश यादव के मुताबिक, एक सोने की हार, चार सोने की चेन, तीन जोड़ी पायल, तीन जोड़ी करधन चोर उठा ले गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना दे दी गई है। सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी है।