जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के दौरान संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। इन केंद्रों पर निगरानी के लिए विशेष तैयारी है।
जिले में 13 अति संवेदनशील और 24 संवेदनशील केंद्र चिह्नित किए गए हैं। मजिस्ट्रेट इन केंद्रों पर कड़ी नजर रखेंगे। बोर्ड की तैयारी को अंतिम रूप देने में विभाग जुटा है। बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी।
जिले में 218 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 154613 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 74 हजार 838 और इंटरमीडिएट के 77 हजार 262 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा के लिए जिले के सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी हैं। परीक्षा में करीब 7 हजार 813 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
शनिवार तक सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं भेंज दी गई हैं। कुछ कॉलेजों ने रविवार को उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त किए। पहली पाली की परीक्षा 8.30 बजे से 11.45 बजे तक कराई जाएंगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षाएं दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक चलेंगी।