क्षेत्र के बढ़ौली अहिरान गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में जमकर लाठी व कुल्हाड़ी चली। इसमें चार लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी जितेंद्र कुमार गौतम का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही आशीष गौतम दिन में साढ़े दस बजे घर के अन्य सदस्यों को लेकर उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगे। विरोध किया तो लोग लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।बीच बचाव करने आए उसके भाई सत्येंद्र गौतम (ग्राम विकास अधिकारी) को भी चोट लगी।
दूसरे पक्ष से आशीष गौतम का आरोप है कि वह बाल कटवाने बाजार गया था। वापस घर आने पर उसके गांव के जितेंद्र गौतम व सत्येंद्र गौतम उसे लाठी डंडा व कुल्हाड़ी से मारने लगे। हमले में उसके पिता श्यामलाल गौतम भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को पीएचसी भेजा। जितेंद्र की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।