तीन साल में मात्र 1564 बेरोजगारों को मिली नौकरी
घटता जा रहा है सेवायोजन कार्यालय का नौकरी दिलाने का ग्राफ
तीन सालों में 77477 बेरोजगारों ने कराया है रजिस्ट्रेशन
5418 बेरोजगारों ने नौकरी के लिए किया था ऑन लाइन आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। बेरोजगारों को उनकी योग्यता के मुताबिक नौकरी दिलाने में सेवायोजन कार्यालय का ग्राफ गिरता जा रहा है। यहां अब पहले जैसी बेरोजगारों की भीड़ नहीं दिखती है। हालत यह है कि बीते तीन सालों में 77 हजार 477 बेरोजगारों ने अपना पंजीकरण कराया है, इसमें 5418 बेरोजगारों ने नौकरी के लिए ऑन लाइन आवेदन किया था। 17 रोजगार मेलों का आयोजन हुआ जिसमें मात्र 1564 बेरोजगारों को ही जिला सेवा योजन कार्यालय नौकरी दिलाने में कामयाब रहा।
अधिकांश सरकारी विभागों ने भर्ती बोर्ड बन जाने केचलते सेवायोजन कार्यालय की भूमिका सिमटती जा रही है। इसे देखते हुए विभाग ने रोजगार मेलों का आयोजन कर बेरोजगारों को नौकरी का अवसर उपलब्ध कराना शुरू किया पर इसमें भी अब गिरावट दिख रही है। अच्छी कंपनियों के न आने से युवा भी बहुत उत्साहित नहीं हैं। जिला सेवायोजन कार्यालय में कुल एक लाख 35 हजार 42 बेरोजगार पंजीकृत हैं। इसमें पिछले तीन सालों में 75 हजार 477 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया है। वहीं इन तीन सालों में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 17 मेलों का आयोजन किया गया। जिसकेलिए मात्र 5418 बेरोजगारों ने ही ऑन लाइन आवेदन भरा है। इनमें से मात्र 1564 बेरोजगारों को ही नौकरी मिल सकी है।
इनसेट:
जिले के तीन वर्षों के आंकड़ों को देखा जाए तो वित्तीय वर्ष 2017-18 में 5918 बेरोजगारों का पंजीकरण हुआ था। वहीं 2018-19 में 60875 और 2019-20 में 8684 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया है। इन वर्षो में नौकरी पाने वाले बेरोजगारों की संख्या घटती गई है। वित्तीय वर्ष 2017-18 में 827, 2018-19 में 486 व 2019-20 में 251 बेरोजगारों को नौकरी मिली।
इनसेट:
वित्तीय वर्ष - पंजीकरण - मेला - आवेदन - चयनित
2017 -18 - 5918 - 7 - 3058 - 827
2018 - 19 - 60875 - 6 - 1592 - 486
2019 -20 - 8684 - 4 - 768 - 251
-----------------------------------------------------------------
कोट:
पंजीकरण कराने वाले बेरोजगार नौकरी के लिए सेवा योजन कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन करते हैं। इसके बाद मेलोें का आयोजन कर विभिन्न कंपनियों को बुलाया जाता है। कंपनियां अपनी आवश्यक्तानुसार योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन करती हैं। इससे कई बेरोजगार नौकरी पाने से वंचित हो जाते हैं।
- राजीव कुमार सिंह
जिला सेवा योजन अधिकारी