संवाद न्यूज एजेंसी
ज्ञानपुर। गर्मी का तेवर एक बार फिर तल्ख होने लगा है। शुक्रवार की रात और दिन के तापमान में डेढ़ डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
तापमान एक बार फिर 41 डिग्री तक पहुंच गया है। इससे दिन भर तेज धूप और लू ने लोगों को परेशान किया। गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरा ढंककर ही बाहर निकले।
शीतल पेय पदार्थ की दुकानों पर लोग गला तर करते दिखे। मौसम का असर है कि इन दिनों हर दिन 800 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे है। शुक्रवार को 812 मरीज ओपीडी में पहुंचे। जिले में मौसम का मिजाज हर रोज बदल रहा है।
कभी बादलों की आवाजाही तो कभी तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। बृहस्पतिवार की देर रात ज्ञानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं संग हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन शुक्रवार की सुबह का नजारा अलग ही रहा। तेज धूप होने से सुबह आठ से नौ बजे तक ही सूरज की किरणों ने बेहाल करना शुरू कर दिया। धूप की तपिश से चेहरे झुलसने लगे। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार को दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 26 डिग्री रहा।
बृहस्पतिवार को दिन का 39.5 और रात का 25 डिग्री रहा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी तापमान में वृद्धि होगी।