जौनपुर। प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव के गृह जनपद में ही खेल सुविधाओं का घोर अभाव है। न तो स्टेडियम हैं ना ही छोटे खेल मैदान और ना ही ट्रेनर की ही व्यवस्था की गई है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग नहीं मिल पा रही। इनकी उपलब्धता के लिए हमेशा कोरमपूर्ति की जाती है। जिले में बृहद पड़ताल की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
करंजाकला : जिले में इंदिरा गांधी स्टेडियम के नाम पर चहारदीवारी से घिरा मैदान ही है। खेल विभाग के मैदान पर खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। हालांकि पिछले साल राज्य मंत्री ने खेल मंत्री बनने के बाद कई सुविधाओं के विकास की बात कही थी। स्टेडियम की स्थापना को कई दशक हो गए। अभी भी इसमें गुजरे जमाने की ही सुविधाएं हैं। क्रिकेट टर्फ विकेट, बैडमिंटन हॉल, हैंडबाल कोर्ट के अलावा अन्य खेलों के लिए कोई सुविधा नहीं है। जबकि यहां एथलेटिक्स, वॉलीबाॅल, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल सहित पांच खेलों की ट्रेनिंग दी जा रही है। क्रिकेट के लिए टर्फ विकेट के अलावा पवेलियन भी बना है, लेकिन ट्रेनर न होने के कारण सब अनुपयोगी है। भाजपा सरकार बनने के बाद मंत्री बने गिरीश चंद्र यादव को खेल विभाग का मंत्रालय मिला इसके बाद उनके प्रयास से स्वीमिंग पूल, मल्टीपरपज हॉल बनाने के लिए कोशिश की जा रही है। हालांकि अभी भी फुटबॉल के लिए मैदान नहीं है इसके लिए बड़े आयोजन दूसरी जगह पर किए जा रहे हैं। क्रिकेट के लिए भी मैदान नहीं है। स्टेडियम में अभी भी कई सारे निर्माण काम चल रहे हैं अगले साल तक सभी काम पूरे कराने की संभावना है।
महराजगंज : बदलापुर के चरियाही में एक करोड़ से बना मिनी स्टेडियम शोपीस बनकर रह गया है। खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं नहीं होने के कारण उन्हें ट्रेनिंग नहीं मिल पा रही। स्टेडियम में खेल के सामान भी नहीं हैं। कायाकल्प के लिए 50 लाख रुपये मिले थे, लेकिन आधा-अधूरा निर्माण कर छोड़ दिया गया। पूर्व विधायक उमाशंकर यादव की मांग पर 2006 में निर्माण शुरू हुआ जो 10 वर्ष बाद 2016 में युवा कल्याण विभाग को हैंडओवर किया गया।
मीरगंज : ग्रामीण स्टेडियम भटेवरा में दिसंबर 2023 में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। साल में एक बार ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होता है। स्टेडियम की मरम्मत का काम चल रहा है। प्रधान भटेवरा भानू सिंह ने बताया कि अगल-बगल के गांव के लड़के ग्राउंड पर दौड़ने आते हैं। साल में एक बार ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता होती है।
जलालपुर : क्षेत्र के बनपुरवा गांव में बना खेल स्टेडियम आज बदहाल है। जिम्मेदारों के उपेक्षा के चलते यह खस्ताहाल है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की तरफ से स्टेडियम की मरम्मत कराई जा रही है। इन तीन स्टेडियम की मरम्मत 50 लाख की लागत से हो रही है।
.....................................................
वर्जन ...
खेल संसाधनों के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नए स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए बदलापुर, शाहगंज में जमीन देखी गई है। इंदिरा गांधी स्टेडियम को और बेहतर किया जाएगा। सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाने के बाद और क्या किया जा सकता है इस बारे में भी विचार किया जा रहा है।
-अतुल सिन्हा, जिला खेल अधिकारी
...................................................
वर्जन ...
यहां पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में स्वीमिंगपूल और सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। इसमें वर्ल्ड कप की प्रतियोगिताएं हो सकती हैं। साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तीन खेल स्टेडियमों की 50 लाख की लागत से मरम्मत कराई जा रही है। जिले में और भी खेल स्टेडियमों के लिए भूमि देखी जा रही है।
-गिरीशचंद्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार।