सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार को तीन बजे एक बार तेंदुआ को देखकर लोगों के होश उड़ गए। इससे पूरे गांव में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिखने से पहले तेंदुआ दो मोर और एक बकरी के बच्चे को अपना शिकार
बना चुका था। सूचना पर वन विभाग और पुलिस ने गांव में डेरा डाल दिया है। करंजाकला इलाके के रामपुर गांव में लोगों ने मोर का शव देखा तो मौके पर जुट गए। आसपास के खेतों में निशान देखकर लोगों को आशंका हुई कि कहीं तेंदुआ
फिर न आ गया हो। इसी बीच करीब तीन बजे अखिलेश मौर्या के आलू के खेत में कुछ लोगों ने तेंदुआ को देखा तो शोर मचाया। तेंदुआ के गांव में दोबारा आने की सूचना पर दहशत फैल गया। लोग अपने बच्चों को घरों में कैद करने लगे।
सूचना पर एसओ सरायख्वाजा केके मिश्रा और वन रक्षक चंद्रशेखर मिश्र भी अपनी टीम के साथ गांव में पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी। उन्हें कहीं तेंदुआ तो दिखाई नही दिया, लेकिन उसके पैरों के निशान खेतों में जरूर देखे।
ग्रामीणों के भय को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। ग्राम प्रधान सुनील मौर्या का कहना है कि महिलाओं ने आलू के खेत में तेंदुए को देखा जबकि वन विभाग इससे इनकार कर रहा है।
उनका कहना है कि अभी पूरी तरह से पुष्ट नही हो सका है कि तेंदुआ आया है या नहीं। महिलाओं के देखे जाने और मोर का शव को देखकर लोग इसका अंदाजा लगा रहे हैं।